महाशिवरात्रि पूजा विधि हिंदी

प्रामाणिक पूजा विधि, व्रत सामग्री, मंत्र एवं पौराणिक कथा (हिंदी में पूर्ण गाइड)

🌺 श्री महाशिवरात्रि व्रत 2026

महाशिवरात्रि पूजा विधि हिंदी: महाशिवरात्रि हिंदू धर्म का अत्यंत पवित्र पर्व है, जो भगवान शिव को समर्पित है। यह पर्व आत्मशुद्धि, संयम, भक्ति और मोक्ष की भावना का प्रतीक माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु उपवास, रात्रि जागरण, शिवलिंग अभिषेक एवं मंत्र जाप द्वारा भोलेनाथ की आराधना करते हैं।

इस लेख में आप जानेंगे —
✅ महाशिवरात्रि व्रत का महत्व
✅ पूजा विधि (Step-by-Step)
✅ संपूर्ण पूजा सामग्री
✅ शिवरात्रि के मंत्र
✅ पौराणिक कथा
✅ कथा का गूढ़ संदेश


🕉️ महाशिवरात्रि व्रत का संक्षिप्त परिचय

व्रत का नाम: श्री महाशिवरात्रि व्रत
तिथि: चतुर्दशी (14वीं तिथि)
दिन: मंगलवार या बुधवार (वर्ष अनुसार)
आराध्य देव: भगवान शिव
व्रत अवधि: प्रातःकाल से रात्रि के चार प्रहर तक
विधान:
शुद्धि, संकल्प, उपवास, शिव पूजन, अभिषेक, रात्रि जागरण, ब्रह्मचर्य, अक्रोध, श्रद्धा एवं भक्ति


🔔 महाशिवरात्रि व्रत का महत्व

  • शिवरात्रि से एक दिन पूर्व त्रयोदशी को व्रत का संकल्प लिया जाता है
  • चतुर्दशी तिथि को निराहार या फलाहार रहकर भगवान शिव की पूजा की जाती है
  • इस दिन गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है
  • रात्रि के चारों प्रहर में शिव पूजन करने से समस्त पापों का नाश होता है

शास्त्रों के अनुसार, महाशिवरात्रि का व्रत रखने से सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और मोक्ष की प्राप्ति होती है।


🪔 महाशिवरात्रि पूजा विधि (Step-by-Step)

1️⃣ प्रातःकाल की तैयारी

  • ब्रह्ममुहूर्त में उठकर स्नान करें
  • स्वच्छ वस्त्र धारण करें
  • पूजा स्थल को गंगाजल से शुद्ध करें

2️⃣ संकल्प

हाथ में जल, अक्षत और पुष्प लेकर व्रत का संकल्प लें —
“मैं शिव कृपा प्राप्ति हेतु महाशिवरात्रि व्रत एवं पूजन करूँगा/करूँगी।”

3️⃣ शिवलिंग अभिषेक

  • शिवलिंग या भगवान शिव की मूर्ति को
    • गंगाजल
    • दूध
    • दही
    • घी
    • शहद
      से स्नान कराएँ (पंचामृत अभिषेक)

4️⃣ पूजन एवं मंत्र जाप

  • बिल्वपत्र, पुष्प, धूप, दीप अर्पित करें
  • ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें

5️⃣ रात्रि के चार प्रहर की पूजा

  • प्रत्येक प्रहर में शिव अभिषेक व पूजन करें
  • भजन, कीर्तन और शिव कथा का श्रवण करें

6️⃣ पारण

  • अगले दिन प्रातः ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा देकर
  • व्रत का विधिवत पारण करें

🧺 महाशिवरात्रि पूजा सामग्री सूची

  • पूजा बर्तन, कुशासन, दक्षिणा
  • सुगंधित पुष्प, बिल्वपत्र
  • धतूरा, भाँग, बेर
  • आम्र मंजरी, जौ की बालें
  • तुलसी दल, मंदार पुष्प
  • गाय का कच्चा दूध, दही, घी, शहद
  • ईख का रस, गंगाजल
  • कपूर, धूप, दीप, रूई
  • चंदन, इत्र, मौली, जनेऊ
  • पंच फल, पंच मेवा, मिष्ठान्न
  • शिव-पार्वती श्रृंगार सामग्री
  • वस्त्र, रत्न, सोना, चांदी

🔱 व्रत एवं पूजा के मंत्र

मुख्य मंत्र:

ॐ नमः शिवाय

बिल्वपत्र अर्पण मंत्र:

नमो बिल्ल्मिने च कवचिने च नमो वर्म्मिणे च वरूथिने च।
नमः श्रुताय च श्रुतसेनाय च नमो दुन्दुभ्याय चा हनन्न्याय च नमो घृश्णवे॥

दर्शनं बिल्वपत्रस्य स्पर्शनम्‌ पापनाशनम्‌।
अघोर पाप संहारं बिल्व पत्रं शिवार्पणम्‌॥
त्रिदलं त्रिगुणाकारं त्रिनेत्रं च त्रिधायुधम्‌।
त्रिजन्मपापसंहारं बिल्वपत्रं शिवार्पणम्‌॥

अखण्डै बिल्वपत्रैश्च पूजये शिव शंकरम्‌।
कोटिकन्या महादानं बिल्व पत्रं शिवार्पणम्‌॥

गृहाण बिल्व पत्राणि सपुश्पाणि महेश्वर।
सुगन्धीनि भवानीश शिवत्वंकुसुम प्रिय॥


📖 महाशिवरात्रि व्रत की कथा: Mahashivratri Vrat Katha in Hindi

चित्रभानु

पूर्व काल में चित्रभानु नामक एक शिकारी था। जानवरों की हत्या करके वह अपने परिवार को पालता था। वह एक साहूकार का कर्जदार था, लेकिन उसका ऋण समय पर न चुका सका। क्रोधित साहूकार ने शिकारी को शिवमठ में बंदी बना लिया।

संयोग से उस दिन शिवरात्रि थी। शिकारी ध्यानमग्न होकर शिव-संबंधी धार्मिक बातें सुनता रहा। चतुर्दशी को उसने शिवरात्रि व्रत की कथा भी सुनी। शाम होते ही साहूकार ने उसे अपने पास बुलाया और ऋण चुकाने के विषय में बात की।

शिकारी अगले दिन सारा ऋण लौटा देने का वचन देकर बंधन से छूट गया। अपनी दिनचर्या की भाँति वह जंगल में शिकार के लिए निकला। लेकिन दिनभर बंदी गृह में रहने के कारण भूख-प्यास से व्याकुल था। शिकार खोजता हुआ वह बहुत दूर निकल गया।

महाशिवरात्रि व्रत

जब अंधकार हो गया तो उसने विचार किया कि रात जंगल में ही बितानी पड़ेगी। वह वन एक तालाब के किनारे एक बेल के पेड़ पर चढ़ कर रात बीतने का इंतजार करने लगा। बिल्व वृक्ष के नीचे शिवलिंग था जो बिल्वपत्रों से ढंका हुआ था। शिकारी को उसका पता न चला।

शिकारी का व्रत

पड़ाव बनाते समय उसने जो टहनियां तोड़ीं, वे संयोग से शिवलिंग पर गिरती चली गई। इस प्रकार दिनभर भूखे-प्यासे शिकारी का व्रत भी हो गया और शिवलिंग पर बिल्वपत्र भी चढ़ गए। एक पहर रात्रि बीत जाने पर एक गर्भिणी हिरणी तालाब पर पानी पीने पहुंची।

शिकारी ने धनुष पर तीर चढ़ाकर ज्यों ही प्रत्यंचा खींची, हिरणी बोली, ‘मैं गर्भिणी हूं। शीघ्र ही प्रसव करूंगी। तुम एक साथ दो जीवों की हत्या करोगे, जो ठीक नहीं है। मैं बच्चे को जन्म देकर शीघ्र ही तुम्हारे समक्ष प्रस्तुत हो जाऊंगी, तब मार लेना।’

प्रथम प्रहर का पूजन

शिकारी ने प्रत्यंचा ढीली कर दी और हिरणी जंगली झाड़ियों में लुप्त हो गई। प्रत्यंचा चढ़ाने तथा ढीली करने के वक्त कुछ बिल्व पत्र अनायास ही टूट कर शिवलिंग पर गिर गए। इस प्रकार उससे अनजाने में ही प्रथम प्रहर का पूजन भी सम्पन्न हो गया।

कुछ ही देर बाद एक और हिरणी उधर से निकली। शिकारी की प्रसन्नता का ठिकाना न रहा। समीप आने पर उसने धनुष पर बाण चढ़ाया। तब उसे देख हिरणी ने विनम्रतापूर्वक निवेदन किया, ‘हे शिकारी! मैं थोड़ी देर पहले ऋतु से निवृत्त हुई हूं। कामातुर विरहिणी हूं। अपने प्रिय की खोज में भटक रही हूं। मैं अपने पति से मिलकर शीघ्र ही तुम्हारे पास आ जाऊंगी।’ शिकारी ने उसे भी जाने दिया। दो बार शिकार को खोकर उसका माथा ठनका। वह चिंता में पड़ गया। रात्रि का आखिरी पहर बीत रहा था।

दूसरे प्रहर की पूजन

इस बार भी धनुष से लग कर कुछ बेलपत्र शिवलिंग पर जा गिरे तथा दूसरे प्रहर की पूजन भी सम्पन्न हो गई। तभी एक अन्य हिरणी अपने बच्चों के साथ उधर से निकली। शिकारी के लिए यह स्वर्णिम अवसर था।

उसने धनुष पर तीर चढ़ाने में देर नहीं लगाई। वह तीर छोड़ने ही वाला था कि हिरणी बोली, ‘हे शिकारी!’ मैं इन बच्चों को इनके पिता के हवाले करके लौट आऊंगी। इस समय मुझे मत मारो। शिकारी हँसा और बोला, सामने आए शिकार को छोड़ दूं, मैं ऐसा मूर्ख नहीं। इससे पहले मैं दो बार अपना शिकार खो चुका हूं।

मेरे बच्चे भूख-प्यास से व्यग्र हो रहे होंगे। उत्तर में हिरणी ने फिर कहा, जैसे तुम्हें अपने बच्चों की ममता सता रही है, ठीक वैसे ही मुझे भी। हे शिकारी! मेरा विश्वास करों, मैं इन्हें इनके पिता के पास छोड़कर तुरंत लौटने की प्रतिज्ञा करती हूं। हिरणी का दीन स्वर सुनकर शिकारी को उस पर दया आ गई। उसने उस मृगी को भी जाने दिया। शिकार के अभाव में तथा भूख-प्यास से व्याकुल शिकारी अनजाने में ही बेल-वृक्ष पर बैठा बेलपत्र तोड़-तोड़कर नीचे फेंकता जा रहा था। पौ फटने को हुई तो एक हृष्ट-पुष्ट मृग उसी रास्ते पर आया।

उपवास, रात्रि-जागरण तथा शिवलिंग पर बेलपत्र

शिकारी ने सोच लिया कि इसका शिकार वह अवश्य करेगा। शिकारी की तनी प्रत्यंचा देखकर मृग विनीत स्वर में बोला, हे शिकारी! यदि तुमने मुझसे पूर्व आने वाली तीन मृगियों तथा छोटे-छोटे बच्चों को मार डाला है, तो मुझे भी मारने में विलंब न करो, ताकि मुझे उनके वियोग में एक क्षण भी दुःख न सहना पड़े।

मैं उन हिरणियों का पति हूं। यदि तुमने उन्हें जीवनदान दिया है तो मुझे भी कुछ क्षण का जीवन देने की कृपा करो। मैं उनसे मिलकर तुम्हारे समक्ष उपस्थित हो जाऊंगा। मृग की बात सुनते ही शिकारी के सामने पूरी रात का घटनाचक्र घूम गया,

उसने सारी कथा मृग को सुना दी। तब मृग ने कहा, ‘मेरी तीनों पत्नियां जिस प्रकार प्रतिज्ञाबद्ध होकर गई हैं, मेरी मृत्यु से अपने धर्म का पालन नहीं कर पाएंगी। अतः जैसे तुमने उन्हें विश्वासपात्र मानकर छोड़ा है, वैसे ही मुझे भी जाने दो। मैं उन सबके साथ तुम्हारे सामने शीघ्र ही उपस्थित होता हूं।’ शिकारी ने उसे भी जाने दिया। इस प्रकार प्रात: हो आई।

शिकारी को मोक्ष

उपवास, रात्रि-जागरण तथा शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ने से अनजाने में ही पर शिवरात्रि की पूजा पूर्ण हो गई। पर अनजाने में ही की हुई पूजन का परिणाम उसे तत्काल मिला। शिकारी का हिंसक हृदय निर्मल हो गया। उसमें भगवद्शक्ति का वास हो गया।

थोड़ी ही देर बाद वह मृग सपरिवार शिकारी के समक्ष उपस्थित हो गया, ताकि वह उनका शिकार कर सके।, किंतु जंगली पशुओं की ऐसी सत्यता, सात्विकता एवं सामूहिक प्रेमभावना देखकर शिकारी को बड़ी ग्लानि हुई। उसने मृग परिवार को जीवनदान दे दिया।

अनजाने में शिवरात्रि के व्रत का पालन करने पर भी शिकारी को मोक्ष की प्राप्ति हुई। जब मृत्यु काल में यमदूत उसके जीव को ले जाने आए तो शिवगणों ने उन्हें वापस भेज दिया तथा शिकारी को शिवलोक ले गए।

शिव जी की कृपा से ही अपने इस जन्म में राजा चित्रभानु अपने पिछले जन्म को याद रख पाए तथा महाशिवरात्रि के महत्व को जान कर उसका अगले जन्म में भी पालन कर पाए।

🌕 कथा का संदेश

महाशिवरात्रि की कथा सिखाती है कि सच्ची भक्ति केवल पूजा से नहीं, करुणा और परोपकार से होती है।
शिकारी ने दया, संयम और अहिंसा से भगवान शिव को प्रसन्न किया।
इससे यह सिद्ध होता है कि भोलेनाथ अनजाने में भी किए गए शुभ कर्मों का फल अवश्य देते हैं।
वास्तव में “शिव” का अर्थ ही कल्याण है — और जो दूसरों का कल्याण करता है, वही शिवतत्व को प्राप्त करता है।


🌌 शिवरात्रि का वास्तविक अर्थ

पुराणों में चार प्रकार की शिवरात्रि बताई गई है —

  1. मासिक शिवरात्रि
  2. प्रथम आदि शिवरात्रि
  3. महाशिवरात्रि
  4. नित्य शिवरात्रि

हर रात शिवरात्रि हो सकती है — यदि हम अपने भीतर के अंधकार को भक्ति, दया और सत्य से प्रकाशित करें।


निष्कर्ष: महाशिवरात्रि पूजा विधि हिंदी

महाशिवरात्रि का व्रत केवल उपवास नहीं, बल्कि मन, कर्म और वचन से शिवत्व की अनुभूति है।
जो व्यक्ति श्रद्धा से व्रत रखता है, शिव नाम का जप करता है और दूसरों के प्रति दया भाव रखता है —
उसे भगवान शिव का आशीर्वाद, समृद्धि और मोक्ष प्राप्त होता है।

❓ Frequently Asked Questions (FAQs)

Q1. महाशिवरात्रि व्रत कब रखा जाता है?

महाशिवरात्रि व्रत फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को रखा जाता है। यह दिन भगवान शिव की विशेष आराधना के लिए श्रेष्ठ माना जाता है।


Q2. महाशिवरात्रि में क्या खाना चाहिए?

व्रती व्यक्ति निर्जल, फलाहार या सात्विक आहार ग्रहण कर सकता है। अन्न, नमक और तामसिक भोजन से परहेज करना चाहिए।


Q3. शिवलिंग पर क्या-क्या चढ़ाना चाहिए?

शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, घी, शहद, बिल्वपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और चंदन अर्पित करना शुभ माना जाता है।


Q4. क्या महाशिवरात्रि में रात्रि जागरण जरूरी है?

हाँ, शास्त्रों के अनुसार रात्रि जागरण और चार प्रहर की पूजा करने से व्रत का पूर्ण फल प्राप्त होता है।


Q5. महाशिवरात्रि व्रत का क्या लाभ है?

इस व्रत से पापों का नाश, मन की शुद्धि, सुख-समृद्धि तथा अंततः मोक्ष की प्राप्ति होती है।

Also Read

मृतसञ्जीवनी स्तोत्र हिंदी अर्थ सहित (Mrutsanjeevani Stotra with Hindi Meaning) : जीवन रक्षक और अमृत कवच

श्री रुद्राष्टकम् – तुलसीदास कृत शक्तिशाली शिव स्तोत्र | Shri Rudrashtakam Lyrics in Hindi & English Meaning

🪔 श्री शिव जी की आरती – Shiv Ji Ki Aarti

🔱 कुबेरकृत शिवस्तुति | Kuber Krit Shiv Stuti

1 thought on “प्रामाणिक पूजा विधि, व्रत सामग्री, मंत्र एवं पौराणिक कथा (हिंदी में पूर्ण गाइड)”

  1. Pingback: मासिक शिवरात्रि व्रत: पूजा विधि, महत्व और नियम (Masik Shivratri Varat) » Divya Bhasha

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *